नैनीताल:::- जनपद में गैस आपूर्ति को लेकर प्रशासन सख्त रुख अपनाए हुए है। प्रशासन द्वारा केवल घरेलू गैस सिलेंडरों की आपूर्ति की जा रही है, जबकि कमर्शियल सिलेंडरों पर अस्थायी रूप से प्रतिबंध लगाया गया है। कमर्शियल सिलेंडर केवल स्कूलों और अस्पतालों को ही उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इसके बावजूद कुछ लोगों द्वारा अधिक दामों पर सिलेंडर बेचने की शिकायतें सामने आ रही हैं। देर रात मंगोली क्षेत्र में गश्त के दौरान प्रशासन ने अवैध रूप से ले जाए जा रहे 24 कमर्शियल गैस सिलेंडरों से भरी एक गाड़ी को पकड़ा। मौके से वाहन चालक फरार हो गया।
क्षेत्रीय खाद्य पूर्ति अधिकारी सुरेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि मंगोली पुलिस चौकी क्षेत्र में यह कार्रवाई की गई है। पकड़ी गई गाड़ी नेहा इंडेन गैस सर्विस से जा रही है, जो सिलेंडरों को वितरण के लिए नैनीताल ला रही थी। उन्होंने बताया कि सरकार के स्पष्ट निर्देश हैं कि कमर्शियल सिलेंडर केवल स्कूलों और अस्पतालों को ही दिए जाएंगे। नियमों का उल्लंघन करने पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने आगे बताया कि गैस गोदाम से निकलने वाले प्रत्येक सिलेंडर के साथ गेट पास, वाहन का विवरण, चालक की जानकारी और पंजीकृत उपभोक्ताओं का रिकॉर्ड अनिवार्य रूप से होता है। मामले में चालक के फरार होने के चलते जांच को और गंभीरता से लिया जा रहा है।
जितेंद्र कुमार ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा दी गई सूचना के आधार पर गाड़ी को रोका गया और उन पर कालाबाजारी का आरोप लगाया गया। पिछले तीन वर्षों से सिलेंडर वितरण का कार्य कर रहे हैं और सभी बिल जीएसटी के साथ प्रदान किए जाते हैं।
जितेंद्र कुमार ने यह भी कहा कि पुलिस ने बिना पूरी जांच के जबरन कार्रवाई की है और झूठा मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। उन्होंने इस मामले की शिकायत सीएम पोर्टल पर भी दर्ज कराई है। उनका कहना है कि यदि कालाबाजारी का मामला था तो संबंधित अधिकारी मौके पर मौजूद क्यों नहीं थे। सिलेंडर स्कूलों और कुछ होटलों के लिए ही लाए जा रहे थे।

