नैनीताल:::- हिमालय की समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और विरासत को करीब से जानने और समझने का अवसर एक बार फिर मिलने जा रहा है। हिमालयन एकोज फेस्टिवल का 11वां संस्करण इस वर्ष 30 और 31 अक्टूबर को आयोजित किया जाएगा। फेस्टिवल की फाउंडर जानवी प्रसाद ने बताया कि इस बार कार्यक्रम में दुनिया के विभिन्न पहाड़ी देशों से जुड़े लोग एकत्रित होंगे और हिमालय समेत पर्वतीय क्षेत्रों की विशेषताओं पर चर्चा करेंगे।
जानवी प्रसाद ने बताया कि इस वर्ष के फेस्टिवल की खासियत यह है कि इसमें स्विट्जरलैंड, रूस, फ्रांस, भारत, नेपाल और भूटान सहित विभिन्न देशों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। कार्यक्रम के दौरान पहाड़ों की संस्कृति, रहन-सहन और जीवनशैली को लेकर विचारों का आदान-प्रदान किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि फेस्टिवल में पहाड़ों के मौसम, खानपान, लोक संस्कृति, लोक संगीत और देवी-देवताओं से जुड़ी परंपराओं पर विशेष चर्चा होगी। इसके साथ ही पर्वतीय क्षेत्रों की संस्कृति और धार्मिक मान्यताओं पर आधारित पुस्तकों को भी चर्चा का हिस्सा बनाया जाएगा। इस आयोजन के माध्यम से विभिन्न देशों की पर्वतीय संस्कृति को एक साझा मंच पर लाने का प्रयास किया जा रहा है।
ओपन टू ऑल रहेगा फेस्टिवल
जानवी प्रसाद ने बताया कि हिमालयन एकोज फेस्टिवल सभी लोगों के लिए खुला रहेगा। इसमें शामिल होने के लिए प्रतिदिन का प्रवेश शुल्क 500 रुपये निर्धारित किया गया है, जबकि दोनों दिनों के लिए संयुक्त टिकट मात्र 800 रुपये में उपलब्ध होगा।
उन्होंने कहा कि यह फेस्टिवल पहाड़ों की विविधता, संस्कृति और परंपराओं को समझने के साथ ही विभिन्न देशों के लोगों को एक-दूसरे से जोड़ने का महत्वपूर्ण अवसर है।

