नैनीताल:::-  कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के बयान को लेकर मंगलवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने मल्लीताल में विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए खड़गे का पुतला दहन किया। भाजपा ने कांग्रेस अध्यक्ष से उनके बयान पर सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग उठाई।
भाजपा मंडल अध्यक्ष नितिन कार्की ने कहा कि मल्लिकार्जुन खड़गे राहुल गांधी की राह पर चलते हुए अपनी 45 वर्षों की राजनीतिक मर्यादा को भूल रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस कभी शुद्धीकरण की राजनीति करती है तो कभी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के माता-पिता के लिए अभद्र भाषा का प्रयोग करती है। उन्होंने कहा कि इस तरह के बयान केवल अपनी टीआरपी बढ़ाने के लिए दिए जा रहे हैं, लेकिन इनके दुष्परिणामों की चिंता कांग्रेस नेतृत्व को नहीं है।
कार्की ने कहा कि कांग्रेस पार्टी का मूल जल्द समाप्त होने वाला है। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में शांति से काम कर रहे लोगों को अव्यवस्थित करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि 21वीं सदी भारत की है और देश विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। वरिष्ठ भाजपा नेता अरविंद पड़ियार ने कहा कि बिहार में मल्लिकार्जुन खड़गे की सभा के दौरान एक छात्र के सवाल के बाद उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिता के लिए अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया। उन्होंने कहा कि खड़गे जैसे वरिष्ठ नेता से इस तरह के बयान की उम्मीद नहीं की जाती है।
पड़ियार ने कहा कि भाजपा मल्लिकार्जुन खड़गे के बयान की घोर निंदा करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस आज हताश और निराश है। खड़गे के बयान के विरोध में पूरे प्रदेश और देश में भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा प्रदर्शन किया जा रहा है। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed