नैनीताल:::- बलियानाला क्षेत्र के समीप स्थित कृष्णापुर के निवासियों को राहत देने के लिए प्रशासन ने अस्थायी दोपहिया मार्ग बनाने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत सुरक्षा रेलिंग और आरसीसी पेवमेंट के साथ वन-वे मार्ग तैयार करने का काम तत्काल शुरू कराया जाएगा। छोटे चारपहिया वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग की संभावनाएं भी तलाशी जाएंगी।
कृष्णापुर के निवासियों की नैनीताल रोड तक पहुंच मार्ग की मांग और लंबे प्रदर्शन के बाद शासन ने बलियानाला उपचार कार्य के लिए गठित प्रोजेक्ट मैनेजमेंट कमेटी (पीएमसी) से मार्ग की व्यवहार्यता का आकलन कराया। पीएमसी सदस्य बीडी पाटनी ने 17 अक्टूबर को कार्यस्थल का निरीक्षण किया था। कमेटी के अन्य सदस्यों से विचार-विमर्श के बाद बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों की जरूरतों को देखते हुए सुरक्षा मानकों के तहत एकतरफा दोपहिया मार्ग बनाने का सुझाव दिया गया।
अधीक्षण अभियंता महेश कुमार खरे ने अधिशासी अभियंता, सिंचाई खंड नैनीताल को निर्देश जारी कर पीएमसी की रिपोर्ट के आधार पर सुरक्षा रेलिंग और आरसीसी पेवमेंट के साथ अस्थायी दोपहिया मार्ग का निर्माण तत्काल शुरू कराने को कहा है।
इसके अलावा छोटे चारपहिया वाहनों के लिए बलियानाला कार्यक्षेत्र से बाहर किसी उपयुक्त स्थान पर वैकल्पिक मार्ग तलाशने के निर्देश भी दिए गए हैं। इसके लिए सर्वे कराकर उपयुक्त एलाइनमेंट मिलने पर सड़क निर्माण की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कर शासन को भेजी जाएगी। वहीं विधायक सरिता आर्या ने धरनास्थल पर पहुंचकर क्षेत्रवासियों को मिठाई खिलाकर धरना समाप्त कराया। उन्होंने क्षेत्र वासियों को आश्वासन दिया कि एक माह के अंदर दोपहिया वाहनों के लिए मार्ग खोल दिया जाएगा।
स्थानीय निवासी दीपेश भट्ट ने बताया कि आज शासनादेश की प्रति प्राप्त हुई है जिसमें दो पहिया वाहनों के लिए मार्ग खोलने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं विधायक सरिता आर्या ने भी धरना स्थल पर पहुंचकर ग्रामीणों से वार्ता की और मिठाई खिलाकर धरना समाप्त कराया। जिसके बाद क्षेत्रवासी धरना समाप्त कर रहे हैं विधायक की ओर से एक माह में कार्य पूरा होने का आश्वासन दिया गया है।
इस दौरान सभासद सुरेंद्र कुमार, पूर्व सभासद कैलाश सिंह रौतेला, रेखा जोशी, विशाल पाल, प्रेमा पाल, नीमा रौतेला, एडी सनवाल, मोहन पपोला, दिनेश भट्ट, कुंदन बिष्ट, हरीश भट्ट समेत अन्य लोग मौजूद रहें।


