नैनीताल :::- राज्यसभा सांसद बनने के बाद नैनीताल आगमन पर दिनेश आर्य का भाजपा कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया,  इस दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। नैनीताल क्लब पहुंचने पर दिनेश आर्य ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया, जिसके बाद उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ वार्ता की और विभिन्न विषयों पर चर्चा की। राज्यसभा सांसद दिनेश आर्य ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी लगातार जनहित के कार्य कर रही है और केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने के साथ लोगों की समस्याओं और असुविधाओं को दूर करने का प्रयास कर रही है, उन्होंने कहा कि भाजपा जनता के बीच सक्रिय है, जबकि कांग्रेस जनता से सीधे जुड़ने के बजाय विभाजन की राजनीति कर रही है, उन्होंने कहा कि आगामी चुनाव में भाजपा तीसरी बार सरकार बनाएगी और नकारात्मक प्रचार का पार्टी पर कोई असर नहीं पड़ेगा।
अंकिता भंडारी प्रकरण पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए सांसद दिनेश आर्य ने कहा कि अंकिता भंडारी उत्तराखंड की बेटी और बहन थीं, उनके साथ हुई घटना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में मामले में कार्रवाई की गई और तीनों दोषियों को कारावास की सजा मिली है, उन्होंने विपक्ष पर आरोप लगाया कि उसके पास ठोस मुद्दों की कमी है और वह अंकिता भंडारी के माता-पिता का हवाला देकर इस प्रकरण को राजनीतिक मुद्दा बनाने का प्रयास कर रहा है, उन्होंने कहा कि इससे जनता पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा।  दिनेश आर्य ने कहा कि पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने उन्हें राज्यसभा सांसद की जिम्मेदारी सौंपी है, पार्टी की ओर से उन्हें जो भी दायित्व दिया जाएगा, उसे वह निस्वार्थ भाव से पूरा करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed