नैनीताल:::- राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) के अपर महानिदेशक मेजर जनरल समीर भल्ला ने एनसीसी ग्रुप मुख्यालय, नैनीताल का औपचारिक निरीक्षण किया। उनके आगमन पर कैडेट्स द्वारा प्रभावशाली गार्ड ऑफ ऑनर किया गया।
निरीक्षण के दौरान मेजर जनरल भल्ला ने मुख्यालय की विभिन्न व्यवस्थाओं एवं गतिविधियों का गहन अवलोकन किया। इस अवसर पर ग्रुप कमांडर कमोडोर बल राजेश सिंह तथा मुख्य प्रशासनिक अधिकारी नवीन सिंह ढैला ने उनका औपचारिक स्वागत किया। कार्यक्रम में मुख्यालय के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे, साथ ही अधीनस्थ इकाइयों के कमान अधिकारी भी सम्मिलित हुए।
कार्यक्रम में मुख्य सहायक जया कालाकोटी, इसरार बक्श, विवेक सिंह राणा, परवेज अहमद एवं राजेंद्र सिंह रावत रहें। 5 नेवल यूनिट एनसीसी के शिप मॉडलिंग इंस्ट्रक्टर कमलेश जोशी ने इकाई की गतिविधियों एवं उपलब्धियों का विस्तृत प्रस्तुतीकरण किया। कमान अधिकारियों में 5 नेवल यूनिट एनसीसी के कैप्टन (भारतीय नौसेना) मृदुल शाह, 77 बटालियन के कर्नल जितेंद्र शर्मा, 24 गर्ल्स बटालियन की कर्नल कुलकर्णी, सैनिक स्कूल घोड़ाखाल की ऑफिसर कमांडिंग अर्चना चौधरी, 79 बटालियन के कर्नल अभिजीत मेहता तथा 80 बटालियन पिथौरागढ़ के लेफ्टिनेंट कर्नल देवेंद्र सिंह ऐडी विशेष रूप से मौजूद रहे।
इस अवसर पर सभी इकाइयों द्वारा प्रशिक्षण वर्ष 2026-27 के लिए प्रस्तावित गतिविधियों का प्रस्तुतीकरण किया गया। एनसीसी निदेशालय उत्तराखंड के निदेशक ने भी कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए नैनीताल ग्रुप मुख्यालय की कार्यप्रणाली एवं उपलब्धियों की सराहना की।
कार्यक्रम के दौरान कैडेट्स ने फायरिंग उपकरण, रॉक क्लाइम्बिंग, सूचना प्रौद्योगिकी उपकरण, शिप मॉडलिंग एवं ड्रोन तकनीक का प्रदर्शन किया, जिसकी उपस्थित अधिकारियों ने भूरि-भूरि प्रशंसा की।
अपने संबोधन में मेजर जनरल समीर भल्ला ने नैनीताल ग्रुप मुख्यालय को उत्कृष्ट एवं अनुकरणीय इकाई बताते हुए यहां संचालित गतिविधियों की सराहना की। उन्होंने बटालियन कमांडरों को निर्देश दिए कि वे कैडेट्स को उच्चस्तरीय प्रशिक्षण प्रदान करें और अपने अनुभव व ज्ञान का प्रभावी हस्तांतरण कर उन्हें जिम्मेदार एवं सक्षम नागरिक के रूप में विकसित करें।
उन्होंने आपदा प्रबंधन में प्रशिक्षित कैडेट्स की भूमिका पर विशेष बल देते हुए आगामी प्रशिक्षण वर्ष के कार्यक्रमों एवं गतिविधियों की समीक्षा भी की।

