नैनीताल:::- उत्तराखंड सरकार में राज्यस्तरीय पेयजल अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष एवं दर्जा राज्यमंत्री दिनेश आर्य ने गुरुवार को मेट्रोपोल क्षेत्र में चल रहे विभिन्न कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को कार्यों में तेजी लाते हुए निर्धारित समय के भीतर चरणबद्ध तरीके से काम पूरा करने के निर्देश दिए।
दर्जा राज्यमंत्री दिनेश आर्य ने कहा कि नैनीताल में पार्किंग की समस्या के समाधान के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के लगातार प्रयासों से मेट्रोपोल क्षेत्र में करीब 42 करोड़ रुपये की लागत से पार्किंग का निर्माण किया जा रहा है। इस पार्किंग में लगभग 700 वाहनों को खड़ा करने की व्यवस्था होगी।
उन्होंने बताया कि परियोजना को पूरा करने के लिए करीब 18 माह का समय निर्धारित किया गया है। हालांकि, आगामी पर्यटन सीजन और 31 दिसंबर के दौरान पर्यटकों को पार्किंग की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कार्य को चरणबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। पहले चरण में पार्किंग की व्यवस्था शुरू की जाएगी, जबकि शेष कार्य भी इसके बाद चरणबद्ध तरीके से जारी रहेगा।
दर्जा राज्यमंत्री ने बताया कि मल्लीताल मस्जिद तिराहे से चीना बाबा चौराहे तक सड़क का करीब नौ मीटर तक चौड़ीकरण किया जाएगा। इससे सड़क पर दो वाहन आसानी से एक-दूसरे के पास से निकल सकेंगे और यातायात व्यवस्था में भी सुधार होगा। उन्होंने अधिकारियों और ठेकेदार को पहले चरण का कार्य नवंबर तक सुचारु रूप से पूरा करने के निर्देश दिए।
2027 में भाजपा की भारी बहुमत से सरकार बनने का दावा
वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर दिनेश आर्य ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी और उसके कार्यकर्ता लगातार सक्रिय होकर संगठनात्मक स्तर पर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता अपने-अपने स्तर पर चुनाव की तैयारियों में जुटे हुए हैं। वर्ष 2027 में भारतीय जनता पार्टी एक बार फिर प्रदेश में सरकार बनाएगी।
इस दौरान मनोज जोशी,मंडल अध्यक्ष नितिन कार्की, अरविन्द पड़ियार, अमिता शाह, जीवंती भट्ट, भूपेंद्र बिष्ट, मीरा बिष्ट, मोहित साह, केके शर्मा, जेई विवेक भट्ट मेट्रोपोल , ठेकेदार गोपाल सिंह बिष्ट, विनय भट्ट अधिशाषी अभियंता पेय जल निगम, जेई गजेंद्र सिंह,चेतन कुमार जेई, अनीश पीलेई अधिशाषी अभियंता समेत अन्य लोग रहे।

