नैनीताल:::- नैनीताल की लोअर माल रोड पर करीब एक साल बाद वाहनों की आवाजाही शुरू होने जा रही है। सड़क के संवेदनशील हिस्से में ट्रीटमेंट का कार्य पूरा होने के बाद अब इसे यातायात के लिए खोलने की तैयारी की जा रही है। रविवार से सड़क की साफ-सफाई के साथ ही मल्लीताल की ओर बनाए गए रैंप को हटाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। 2 नवंबर से लोअर माल रोड पर दोपहिया वाहनों की आवाजाही सुचारु कर दी जाएगी। सफाई का कार्य पूरा होने के बाद सड़क को सभी वाहनों के लिए खोल दिया जाएगा।
लोअर माल रोड के करीब 40 मीटर हिस्से में ट्रीटमेंट का कार्य किया गया है। इस कार्य पर 3 करोड़ 48 लाख रुपये की धनराशि खर्च की गई है। सड़क के उपचार के लिए कुल 51 पाइलिंग की गई हैं, जिनका कार्य अब पूरा हो चुका है। सड़क बंद रहने के दौरान लोक निर्माण विभाग की ओर से माल रोड पर दो रैंप बनाए गए थे, जिन्हें अब हटाया जा रहा है।
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता रत्नेश सक्सेना ने बताया 2025 में सड़क का बड़ा हिस्सा झील में समा गया था। इसके बाद 25 सितंबर 2025 को निर्माण कार्य शुरू किया गया। उन्होंने बताया कि लोअर माल रोड का यह हिस्सा काफी संवेदनशील है। ऐसे में यहां तकनीकी रूप से मजबूत ट्रीटमेंट किया गया है। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद अब सड़क को यातायात के लिए खोलने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। रविवार को सड़क की सफाई की जा रही है, जबकि मल्लीताल की ओर बनाए गए रैंप को हटाने का कार्य रात तक पूरा करने का लक्ष्य है। फिलहाल 2 नवंबर से दोपहिया वाहनों की आवाजाही शुरू होगी। सड़क की सफाई पूरी होने के बाद अन्य वाहनों के संचालन को भी सुचारु किया जाएगा।

