नैनीताल:::- आगामी दीपावली पर्व को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए बृहस्पतिवार को नैनीताल में विभिन्न प्रतिष्ठानों और मिठाई की दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान खाद्य पदार्थों के नमूने लेने के साथ ही साफ-सफाई में लापरवाही बरतने वाले दुकानदारों को नोटिस जारी किए गए।
डिप्टी कमिश्नर कुमाऊं मंडल एके फूलारिया ने बताया कि खाद्य सुरक्षा आयुक्त और जिलाधिकारी के निर्देश पर विभाग की टीमें खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता की जांच कर रही हैं।
उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान मल्लीताल चाट पार्क क्षेत्र स्थित दो रेस्टोरेंट से खाद्य पदार्थों के दो नमूने लिए गए। इसके अलावा मल्लीताल क्षेत्र की एक मिठाई की दुकान से भी नमूना लिया गया है। जांच के दौरान कुछ दुकानों में साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिलने पर संबंधित दुकानदारों को नोटिस जारी किए गए हैं। लिए गए सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। प्रयोगशाला से रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बताया कि त्योहार के दौरान मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए विभाग की टीमें लगातार प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर रही हैं। उन्होंने उपभोक्ताओं से भी खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और मिलावट को लेकर सतर्क रहने की अपील की।
इस दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी अभय कुमार सिंह, अजय सिंह रावत रहे।

