नैनीताल:::- भीमताल विकासखंड के मंगोली-गहलना क्षेत्र के क्षेत्र पंचायत सदस्य मुकेश मेहरा के नेतृत्व में सोमवार को एक शिष्टमंडल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर ग्राम मंगोली भेवा में मोटर मार्ग निर्माण की मांग उठाई। इस दौरान शिष्टमंडल ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपते हुए जल्द मोटर मार्ग निर्माण की स्वीकृति प्रदान करने का अनुरोध किया।
ज्ञापन में कहा गया कि ग्राम सभा मंगोली भेवा नैनीताल जिले का एक महत्वपूर्ण ग्रामीण क्षेत्र है, लेकिन वर्तमान में गांव तक समुचित मोटर मार्ग की सुविधा उपलब्ध नहीं है। इसके चलते ग्रामीणों को रोजमर्रा के कार्यों के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मोटर मार्ग के अभाव में गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों, दिव्यांगजनों और स्कूली बच्चों को आवागमन में सबसे अधिक दिक्कतें हो रही हैं।  बताया कि गर्भवती महिलाओं को अस्पताल पहुंचाने के लिए लंबी दूरी पैदल या डोली के सहारे तय करनी पड़ती है। आपातकालीन स्थिति में यह परेशानी उनके जीवन के लिए गंभीर खतरा बन सकती है। वहीं, स्कूली बच्चों को प्रतिदिन कई किलोमीटर कठिन पैदल रास्ता तय कर स्कूल पहुंचना पड़ता है, जिससे उनकी पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है। बुजुर्गों और दिव्यांगजनों के लिए भी यह रास्ता बेहद कठिन और कष्टदायक बना हुआ है।
ज्ञापन में यह भी कहा गया कि बरसात के दौरान रास्ता और अधिक खतरनाक हो जाता है, जिससे ग्रामीणों का आवागमन लगभग ठप हो जाता है। क्षेत्र पंचायत सदस्य मुकेश मेहरा के नेतृत्व में ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री से ग्राम मंगोली भेवा में शीघ्र मोटर मार्ग निर्माण की स्वीकृति प्रदान करने तथा संबंधित विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने की मांग की।
शिष्टमंडल ने कहा कि मोटर मार्ग बनने से ग्रामीणों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी और क्षेत्र के विकास को भी गति मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed