हल्द्वानी:::- जनपद स्तरीय आशा सम्मेलन का आयोजन शुक्रवार को किया गया। सम्मेलन का आयोजन जिला स्वास्थ्य समिति नैनीताल द्वारा किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ राज्य स्तरीय राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य एवं अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष (राज्य मंत्री) सुरेश भट्ट, महापौर नगर निगम हल्द्वानी गजराज सिंह बिष्ट, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरीश चंद्र पंत एवं अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन) डॉ. संजीव खर्कवाल द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया।
कार्यक्रम में डॉ. संजीव खर्कवाल ने विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों के सफल क्रियान्वयन में आशा कार्यकर्ताओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए उनके योगदान की सराहना की। मुख्य अतिथि सुरेश भट्ट ने आशा कार्यकर्ताओं, सुगमकर्ताओं एवं आशा समन्वयकों को संबोधित करते हुए कहा कि विकसित भारत के निर्माण के लिए स्वस्थ भारत आवश्यक है, जिसमें आशा कार्यकर्ताओं की भूमिका आधार स्तंभ के रूप में है।
महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने सभी आशा कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वहीं मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरीश चंद्र पंत ने टीबी उन्मूलन कार्यक्रम सहित अन्य स्वास्थ्य योजनाओं में आशा कार्यकर्ताओं द्वारा किए जा रहे कार्यों की प्रशंसा करते हुए सभी प्रतिभागियों का स्वागत किया।
सम्मेलन के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाली आशा कार्यकर्ताओं, सुगमकर्ताओं एवं समन्वयकों को सम्मानित किया गया। आशा कार्यकर्ता श्रेणी में प्रथम पुरस्कार बीना कोरंगा (हल्द्वानी), द्वितीय पुरस्कार जानकी देवी एवं तृतीय पुरस्कार यशोदा देवी को प्रदान किया गया। आशा सुगमकर्ता श्रेणी में प्रथम स्थान दुर्गा देवी, द्वितीय स्थान धना देवी एवं तृतीय स्थान सुशीला परगाईं को मिला। इसके अलावा बीना बोरा को ब्लॉक कोऑर्डिनेटर के रूप में सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन जिला कार्यक्रम प्रबंधक मदन मेहरा एवं प्रमोद भट्ट द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। सम्मेलन में सरयू नंदन जोशी, दीपक कांडपाल, बसंत गोस्वामी, आनंद खुंदूरी, पारस साह, सपना जोशी, ललित डोडियाल, राघवेंद्र रावत, हरेंद्र कठायत सहित अनेक अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

