नैनीताल /देवीधुरा (पटवाडांगर):::-  उन्नत भारत अभियान के तहत कुमाऊँ विश्वविद्यालय द्वारा गोद लिए गए देवीधुरा ग्राम में  सोमवार को  विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। विश्वविद्यालय द्वारा गाँव में किए जा रहे विकासात्मक कार्यों की प्रगति का मैदानी निरीक्षण करने  के लिए कुलपति की पहल पर किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कुलपति प्रो. (कर्नल) दीवान एस. रावत रहे।
कुलपति प्रो. रावत ने ग्रामीणों के जल प्रबंधन को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से वाटर टैंक प्रदान किए और कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों में जल संरक्षण अत्यंत आवश्यक है। विश्वविद्यालय का लक्ष्य है कि शैक्षणिक ज्ञान और संसाधनों को सीधे ग्रामीण समुदायों तक पहुँचाकर व्यावहारिक समाधान विकसित किए जाएँ।
उन्होंने प्राथमिक विद्यालय के विद्यार्थियों को पठन सामग्री वितरित कर शिक्षा एवं जागरूकता को बढ़ावा देने का भरोसा दिलाया।
कुमाऊँ विश्वविद्यालय के विधि विभागाध्यक्ष डॉ. सुरेश चंद्र पांडेय ने महिलाओं एवं बच्चों के कानूनी अधिकार विषय पर व्याख्यान देते हुए ग्रामीण महिलाओं को घरेलू हिंसा, संपत्ति अधिकार और बाल संरक्षण कानूनों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति कार्यक्रम की विशेषता रही। ग्राम प्रधान प्रेमा बर्गली, ज्येष्ठ प्रमुख हिमांशु पांडेय, तथा पूर्व प्रधान धर्मेंद्र रावत ने विश्वविद्यालय द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की और आगे भी सहयोग का आश्वासन दिया।
इसी क्रम में स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ. मनोज सत्याल, हेमा मेहरा, भगवती देवी, सुनीता देवी, मानसी राजपूत, दीपा मेहरा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. ललित मोहन ने किया। इस अवसर पर उन्नत भारत अभियान के समन्वयक प्रो. अनिल बिष्ट, प्रो. महेंद्र राणा, डॉ. जितेंद्र कुमार लोहानी, डॉ. प्रकाश चनयाल उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed