नैनीताल:::- कुमाऊं विश्वविद्यालय के डीएसबी परिसर के रसायन विज्ञान विभाग की शोधार्थी मनीषा जोशी ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विश्वविद्यालय और उत्तराखंड का नाम रोशन किया है। अमेरिकन केमिकल सोसाइटी (एसीएस) एग्रो डिवीजन की ओर से उन्हें वर्ष 2026 का प्रतिष्ठित एसीएस एग्रो जर्नी अवार्ड प्रदान किया गया है। वर्ष 2026 में यह पुरस्कार विश्वभर से केवल दो शोधार्थियों को दिया गया, जिनमें भारत से मनीषा जोशी का चयन हुआ। पुरस्कार के तहत उन्हें 2,000 अमेरिकी डॉलर की राशि और प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।
मनीषा ने 23 से 27 अगस्त तक अमेरिका के शिकागो में आयोजित एसीएस फॉल 2026 नेशनल मीटिंग में प्रतिभाग किया और अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिक समुदाय के समक्ष अपना शोध प्रस्तुत किया। उन्होंने “थाइमस लिनेरिस बेंथ. एसेंशियल ऑयल ऐज अ नेचुरल एंटीबैक्टीरियल एजेंट फॉर सस्टेनेबल क्रॉप प्रोटेक्शन” विषय पर शोध प्रस्तुत किया। शोध में थाइमस लिनेरिस के आवश्यक तेल के जीवाणुरोधी गुणों का अध्ययन करते हुए टिकाऊ फसल संरक्षण में इसके संभावित उपयोग को रेखांकित किया गया है। इसे प्राकृतिक और पर्यावरण-अनुकूल फसल संरक्षण के संभावित विकल्प के रूप में प्रस्तुत किया गया।
मनीषा कुमाऊं विश्वविद्यालय के रसायन विज्ञान विभाग में प्रो. गीता तिवारी के निर्देशन में शोध कर रही हैं। उनका शोध प्राकृतिक उत्पाद रसायन, फाइटोकेमिस्ट्री, जैव-सक्रिय प्राकृतिक यौगिकों और हरित रसायन विज्ञान से संबंधित है।
मनीषा ने अपनी उपलब्धि का श्रेय माता-पिता और शोध निर्देशक प्रो. गीता तिवारी को दिया। उन्होंने शिकागो के डॉ. प्रवीण दुबे के मार्गदर्शन, प्रोत्साहन और सहयोग के लिए भी आभार जताया। उनकी उपलब्धि पर विभागाध्यक्ष प्रो. एनजी साहू, पूर्व विभागाध्यक्ष प्रो. चित्रा पांडे, वनस्पति विज्ञान विभागाध्यक्ष प्रो. ललित तिवारी, डॉ. शिवांगी, डॉ. गिरीश सी. खर्कवाल, आयशा, श्रेया और अंकिता ने बधाई दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed