नैनीताल::::- भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित मोर्चा के मंडल अध्यक्ष हेमंत वेदी के नेतृत्व में सोमवार को मल्लीताल स्थित पंत पार्क में भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी का पुतला फूंककर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी और कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आक्रोश जताया।
भाजपा कार्यकर्ताओं का आरोप है कि राहुल गांधी और कांग्रेस की ओर से लगातार लोकतांत्रिक संस्थाओं एवं संवैधानिक व्यवस्थाओं को लेकर दिए जा रहे बयानों से कार्यकर्ताओं में रोष है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस देश की संवैधानिक व्यवस्थाओं पर सवाल उठाकर जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रही है। इसी मामले को लेकर भाजपा की ओर से मल्लीताल कोतवाली में राहुल गांधी के खिलाफ तहरीर भी दी गई है। कार्यकर्ताओं ने पुलिस से मामले में जल्द कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज करने की मांग की।
वरिष्ठ भाजपा नेता अरविंद पड़ियार ने कहा कि वर्ष 2027 में उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव होने हैं और भाजपा प्रदेश में तीसरी बार सरकार बनाने जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि हताश और निराश कांग्रेस भाजपा पर आधारहीन आरोप लगा रही है।
उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के हल्द्वानी कार्यक्रम को लेकर लगाए गए आरोपों पर भी प्रतिक्रिया दी। पड़ियार ने कहा कि जिस रामलीला मैदान में कार्यक्रम आयोजित हुआ था, वहां नियमित रूप से धार्मिक अनुष्ठान, यज्ञ, पूजा और कथाएं होती रहती हैं। कार्यक्रम के बाद धार्मिक स्थल की सफाई की गई, जिसे कांग्रेस की ओर से शुद्धिकरण से जोड़कर देखा गया। उन्होंने कहा कि भाजपा किसी भी प्रकार का भेदभाव नहीं करती है।
पड़ियार ने कहा कि राहुल गांधी उत्तराखंड आएं और अपने कार्यक्रम आयोजित करें, लेकिन भाजपा पर झूठे आरोप न लगाएं। उन्होंने कहा कि इसी मामले में भाजपा की ओर से मल्लीताल कोतवाली में तहरीर दी गई है और पुलिस से कार्रवाई की मांग की गई है। इस दौरान अनुसूचित मोर्चा अध्यक्ष हेमंत वेदी, गौरव, प्रदीप आर्य, अरविन्द पड़ियार, केके शर्मा, मयंक पंत, भारत मेहरा, कमल जोशी, विजय कुमार, विक्रम राठौर, महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष अमिता शाह, राश्मि सिराला, आध्या जायसवाल, विश्वकेतु, आनंद बिष्ट, भूपेंद्र बिष्ट अन्य कार्यकर्त्ता मौजूद रहे।


